आगरमालवाः वाहन चोर गिरोह पकड़ाया, 5 बाइक जब्त
आगरमालवा, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक शशि उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस द्वारा वाहन चोरियों के प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को एक वाहन चोर गिरोह के 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं अन्य जिलों से चोरी की गई 05 मोटर सायकल बरामद करने में सफलता हांसिल की हैं।
पुलिस के अनुसार फरियादी गुमानसिंह पुत्र बापूसिंह चौहान निवासी ग्राम रोझानी द्वारा थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 22/01/2026 को वह ग्राम खनोटा थाना सुसनेर से अपनी बाईक क्रमांक एमपी-70-एमसी-8467 से वापस अपने गांव रोझानी आ रहे थे। शाम करीब 05 बजे आमला जोड़ से आगे सान्ड्याबेड़ी जोड़ के पास मोटर सायकल सड़क किनारे खड़ी कर नीचे झाड़ियों की ओर गए थे। वापस लौटने पर उनकी मोटर सायकल मौके से गायब मिली, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर थाना में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं सतत पतारसी के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर कार्रवाई की गई। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार चारों आरोपियों विनोद पुत्र रमेशचंद्र मालवीय, उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम ढोटी, अंकित पुत्र गोपाल गोस्वामी, उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम जोगपुर, नासिर पुत्र मकबूल खान निवासी मनिहार वाड़ी वार्ड क्रमांक 02 पुलिस थाना कानड़. अर्जुन उर्फ शिवराज उर्फ सूर्या पुत्र अशोक गोसर, उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम ढोटी ने चोरी की वारदातें करना स्वीकार करते हुए बताया कि वे नशे के आदी हैं तथा नशे की पूर्ति हेतु सुनसान स्थानों एवं अवसर देखकर मोटर सायकल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी की गई मोटर सायकलों को अलग-अलग जिलों एवं क्षेत्रों में गिरवी रखकर उससे प्राप्त राशि का उपयोग नशा करने एवं निजी खर्चों में करते थे। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से कुल 05 मोटर सायकल जिसमेे हीरो एचएफ डीलक्स मोटर सायकल क्रमांक एमपी-70-एमसी-8467 कीमत लगभग 50 हजार रूपये, बाईक क्रमांक एमपी-70-एमबी-4873 कीमत लगभग 55 हजार रूपये, बाईक होन्डा शाईन क्रमांक एमपी-13-एफपी-5322 कीमत लगभग 85 हजार रूपये, बाईक होन्डा शाईन 125 सीसी बिना इंजन, चेचिस एवं रजिस्ट्रेशन नम्बर के कीमत लगभग 90 हजार रूपये बरामद की गई हैं,
मामले में आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

