home page

अनूपपुर : अनूपपुर में मवेशियों से भरी बिना नंबर की पिकअप पकड़ी, छह मवेशी मुक्त, तस्कर जंगल में भागे

 | 
अनूपपुर : अनूपपुर में मवेशियों से भरी बिना नंबर की पिकअप पकड़ी, छह मवेशी मुक्त, तस्कर जंगल में भागे


अनूपपुर : अनूपपुर में मवेशियों से भरी बिना नंबर की पिकअप पकड़ी, छह मवेशी मुक्त, तस्कर जंगल में भागे


अनूपपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मवेशियों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भालूमाड़ा थाना क्षेत्र की फुनगा पुलिस चौकी ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर कदमटोला मार्ग से एक बिना नंबर की पिकअप वाहन पकड़ा है। वाहन में तीन भैंस और तीन पड़वा समेत छह मवेशियों को रस्सियों से बेहद कम जगह में बांधकर ले जाया जा रहा था। पुलिस के पहुंचते ही वाहन में सवार तस्कर मौके से भाग निकले। पुलिस के अनुसार, मवेशियों को उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने ले जाने की आशंका है।

फुनगा चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोतमा की ओर से मवेशियों से भरी एक पिकअप फुनगा की तरफ आ रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान एक बाइक सवार ने पुलिसकर्मियों को जानकारी दी कि कुछ दूरी पर सड़क किनारे एक संदिग्ध वाहन खराब हालत में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वाहन में मौजूद तस्कर नाले की तरफ भागे और नाला पार कर जंगल में फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के इलाके में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस ने संदिग्ध पिकअप की तलाशी ली तो उसके अंदर छह मवेशी मिले। इनमें तीन भैंस और तीन पड़वा शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, मवेशियों को वाहन में बेहद कम जगह के भीतर रस्सियों से ठूंस-ठूंसकर बांधा गया था। उनके लिए वाहन में न तो पर्याप्त जगह थी और न ही चारा-पानी की कोई व्यवस्था की गई थी।

पुलिस ने सभी छह मवेशियों को वाहन से बाहर निकलवाकर सुरक्षित कराया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, बरामद मवेशियों की कुल कीमत करीब 3.90 लाख रुपये है। वहीं जब्त की गई पिकअप की कीमत लगभग सात लाख रुपये आंकी गई है।

पिकअप वाहन पर कोई नंबर दर्ज नहीं था। पुलिस ने वाहन के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। साथ ही फरार आरोपितों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें उत्तर प्रदेश में किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।

इस मामले में पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम, मध्य प्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

कार्रवाई के बाद बरामद सभी छह मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मवेशियों को फिलहाल स्थानीय किसान के सुपुर्द किया जा रहा है। इसके बाद उन्हें गौशाला भेजने की व्यवस्था की जाएगी। पुलिस जब्त वाहन के मालिक और फरार तस्करों की पहचान करने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला