मामूली विवाद में सब्जी विक्रेता ने दिव्यांग व उसके पुत्र पर चाकू से किया हमला, दिव्यांग की हालत गंभीर
जौनपुर, 16 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित जफराबाद थाना क्षेत्र के इमलो बाजार में सोमवार देर शाम मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सब्जी पर पानी छिड़कने को लेकर हुए विवाद में एक सब्जी विक्रेता ने 50 वर्षीय दिव्यांग और उसके 18 वर्षीय पुत्र पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दिव्यांग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी हृदयनारायण निषाद (50) इमलो बाजार में दुकान चलाते हैं। उनकी दुकान के बगल में समोपुर गांव का निवासी बजरंगी यादव सब्जी की दुकान लगाता है। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम सब्जियों पर पानी छिड़कने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि गुस्से में आकर बजरंगी यादव ने चाकू से हमला कर दिया।आरोपित ने हृदयनारायण निषाद के सिर के बीचोंबीच चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र आदर्श निषाद (18) पर भी आरोपित ने हमला कर दिया, जिससे उसके सिर के पिछले हिस्से में चोट आई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां आदर्श निषाद का इलाज चल रहा है, जबकि हृदयनारायण की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है जबकि एक को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

