टेंट बिल पास करने की एवज में तीन हजार की रिश्वत लेते ग्राम विकास अधिकारी गिरफ्तार
जयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की डूंगरपुर इकाई ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए डूंगरपुर जिले की ग्राम पंचायत फलातेड तहसील सागवाड़ा में कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार डामोर को तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी टेंट हाउस संचालक के बिल पास करने की एवज में रिश्वत मांग रहा था।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी जगदीश डामोर ने एसीबी डूंगरपुर को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि उसका टेंट हाउस का व्यवसाय है। उसने 6 मई 2026 और 7 जुलाई 2026 को ग्राम पंचायत फलातेड में आयोजित 'प्रशासन गांव के संग' शिविर में ग्राम विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार डामोर के कहने पर टेंट लगाया था। इन कार्यक्रमों के लिए 6 जुलाई 2026 का 4,000 रुपए तथा 7 जुलाई 2026 का 10,100 रुपए, कुल 14,100 रुपए का बिल भुगतान लंबित था। परिवादी ने भुगतान के लिए बिल ग्राम विकास अधिकारी को प्रस्तुत किए, लेकिन आरोपित ने बिल पास करने के बदले 5 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायत मिलने पर एसीबी ने नियमानुसार शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपित 3 हजार रुपए रिश्वत लेने पर सहमत हो गया।
इसके बाद एसीबी डूंगरपुर की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपित राजेन्द्र कुमार डामोर को परिवादी से 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

