नौकरी का अनुबंध खत्म होने से तनाव में था युवक, घर में फंदा लगाकर दी जान
नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण पश्चिम जिले के वसंत विहार के कुसुमपुर पहाड़ी इलाके में 28 वर्षीय युवक ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विकास के रूप में हुई है। पुलिस को 18 अगस्त को बी-ब्लॉक, कुसुमपुर पहाड़ी में एक व्यक्ति के फंदा लगाने की पीसीआर कॉल मिली थी। मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच की तो विकास को उसके घर में फंदे से लटका पाया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना में किसी तरह की बाहरी भूमिका या संदिग्ध परिस्थिति के संकेत नहीं मिले हैं। परिवार के सदस्यों के अनुसार, विकास हाउसकीपिंग का काम करता था। जिस अनुबंध के तहत वह नौकरी कर रहा था, उसके पूरा होने के बाद उसका काम खत्म हो गया था। इसके बाद से वह तनाव में चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

