home page

रजोकरी फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, मंदिर जा रहे परिवार की महिला की मौत, पांच घायल

 | 

नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। दक्षिण पश्चिम जिले के वसंत कुंज पश्चिम थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के राजोकरी फ्लाईओवर पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सफदरजंग अस्पताल और एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे इनोवा चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई गई है।

पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 4:25 बजे पीसीआर कॉल के जरिए राजोकरी फ्लाईओवर पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि गुरुग्राम की ओर जा रहे एक बजाज मैक्सिमा टेंपो को पीछे से तेज रफ्तार टोयोटा इनोवा ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसे के समय टेंपो में सवार सभी लोग उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके के रहने वाले थे और गुरुग्राम स्थित एक मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना में 47 वर्षीय कृपा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वंश (8 वर्ष), नक्श (14 वर्ष), ईशान (2 वर्ष), सावित्री देवी (60 वर्ष), नैना (34 वर्ष) और राहुल (37 वर्ष) घायल हो गए। चालक को मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सीएटीएस एंबुलेंस, फायर सर्विस और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के समय कथित इनोवा चालक मौके पर ही मौजूद मिला, जिसे हिरासत में ले लिया गया। चालक के नशे में होने की आशंका के चलते उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद कुछ समय तक फ्लाईओवर पर यातायात भी प्रभावित रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी