home page

अनूपपुर: चोरी का कोयला सहित वैन जब्त, चालक गिरफ्तार, वाहन मालिक पर अपराध पंजीबद्ध

 | 
अनूपपुर: चोरी का कोयला सहित वैन जब्त, चालक गिरफ्तार, वाहन मालिक पर अपराध पंजीबद्ध


अनूपपुर, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर के जिले की बिजुरी थाना पुलिस ने मंगलवार शाम कोयले से भरी एक वैन को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 32 बोरी कोयला जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन मालिक पर अपराध पंजीबद्ध किया गया। वहीं इसकी कुल कीमत करीब 2 लाख 5 हजार रुपए बताई जा रही है।

थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि तस्करों ने पुलिस को झांसा देने के लिए एक वैन का इस्तेमाल किया था। शातिर आरोपी वैन में पीछे की तरफ बोरियों को इतनी ही ऊंचाई तक भरते थे, ताकि सामने के कांच से देखने पर कोयला नजर न आए। यह कोयला रामनगर से लाया जा रहा था और इसे बिजुरी के आसपास के होटलों और ईंट भट्ठों पर सप्लाई करने की तैयारी थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वैन से कोयले की तस्करी हो रही है। मुख्य मार्ग पर जब घेराबंदी कर वैन (नंबर- CG 04 T 4439) को रोका गया, तो अंदर 32 बोरी कोयला मिला। चालक खूबलाल कोल इस कोयले से जुड़ा कोई भी कागज नहीं दिखा पाया। पुलिस ने कोयला और वैन दोनों को जब्त किया।

पुलिस ने चालक 19 वर्षीय खूबलाल कोल को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वैन के मालिक याकूब पर भी धारा 303(2) BNS और खनिज अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे यह चोरी का कोयला कहां से लाते थे और इस खेल में और कौन-कौन शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला