वैशाली एक्सप्रेस से विदेशी शराब बरामद, सुपौल स्टेशन पर दो तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 13 जुलाई (हि.स.)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर अवैध शराब की खेप पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
इसी कड़ी में सुपौल रेलवे स्टेशन पर उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली एक्सप्रेस से 219.75 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की है।
कार्रवाई के दौरान दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया।उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
ललितग्राम से सहरसा जा रही वैशाली एक्सप्रेस (15566) के सुपौल स्टेशन पहुंचने पर संयुक्त टीम ने बी-04 और बी-05 कोच की सघन तलाशी ली। जांच के दौरान सीटों के नीचे रखे नौ बोरे और तीन पीठू बैग संदिग्ध अवस्था में मिले।
तलाशी लेने पर इनमें से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई। उत्पाद विभाग के अनुसार कुल 209.250 लीटर विदेशी शराब और 10.500 लीटर बीयर जब्त की गई। इस प्रकार कुल 219.750 लीटर मादक पेय बरामद हुआ।
मौके से गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अभिनाश कुमार चौधरी उर्फ फेंटा, निवासी कृष्णानगर वार्ड संख्या 22/37, थाना कहरा, जिला सहरसा तथा बिनीत कुमार, निवासी वार्ड संख्या 10, थाना कहरा, जिला सहरसा के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे मार्ग से होने वाली शराब तस्करी पर विभाग की विशेष नजर है और इसे रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में भी ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर सघन जांच अभियान जारी रहेगा।
संयुक्त अभियान में मद्यनिषेध निरीक्षक प्रभुनाथ सिंह, संजय प्रियदर्शी, कुश कुमार, अवर निरीक्षक विष्णुदेव यादव, विशाल कुमार, मद्यनिषेध सिपाही अभिषेक कुमार तथा सहरसा ग्रुप सेंटर के जवान शामिल रहे।
वहीं आरपीएफ सहरसा के निरीक्षक धनंजय कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ सहरसा एवं सुपौल की टीम ने भी अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

