home page

उत्तम नगर में किराए के मकान से दो लोगों के शव बरामद

 | 

नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। द्वारका जिले के उत्तम नगर इलाके में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर से दो लोगों के शव बरामद हुए। सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम टीम और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में दोनों शवों पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध बना हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6:55 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि मोहन गार्डन इलाके में मेट्रो पिलर नंबर 743 के पास एक घर में दो लोग मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही उत्तम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

जांच में मृतकों की पहचान 50 वर्षीय देवेंद्र, और 48 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है। दोनों एक 65 वर्षीय व्यक्ति नरेश के मकान में किराए पर रह रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और फॉरेंसिक के विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों शवों पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे मौत के कारणों को लेकर संशय बना हुआ है।

पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि मामले में सभी एंगल से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी