होली पर दो समुदाय के बीच झगड़े में 6 गिरफ्तार
नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। द्वारका जिले के उत्तम नगर इलाके में पानी के गुब्बारे को लेकर दो समुदाय के बीच हुआ झगड़ा हिंसक हो गया। मारपीट में घायल 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मामले में द्वारका जिला पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस का कहना है कि इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
द्वारका जिला के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने शनिवार को बताया कि चार मार्च की रात करीब 11:09 बजे उत्तम नगर थाने में पड़ोसियों के बीच झगड़े की पीसीआर कॉल मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि एक लड़की द्वारा पानी का गुब्बारा फेंकने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में दो परिवारों के बीच मारपीट में तब्दील हाे गया।
घटना के दौरान दोनों पक्षों के लोग सड़क पर इकट्ठा हो गए और आपस में हाथापाई होने लगी। इस झगड़े में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक को छोड़कर बाकी सभी को उसी दिन छुट्टी दे दी गई। मामले में पुलिस ने शुरू में भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर चार वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक नाबालिग को पकड़ लिया गया था। हालांकि 5 मार्च की दोपहर अस्पताल में भर्ती घायल तरुण (26) की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1) भी जोड़ दी। पुलिस के अनुसार दोनों परिवार पिछले कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके बीच पहले भी पार्किंग, कूड़ा फेंकने जैसे मामूली मुद्दों को लेकर विवाद होता रहा है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक कुल सात लोगों को पकड़ लिया गया है। जिनमें छह वयस्कों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को बीती देर रात पकड़ा है।
पुलिस ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व इस घटना को अलग रंग देने की कोशिश कर रहे हैं और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों और सुनी-सुनाई बातों पर विश्वास न करें। फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

