home page

(अपडेट) उत्तम नगर मामले में पॉक्सो एवं एससी-एसटी एक्ट की धाराएं जोड़ी गई

 | 

नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। द्वारका जिले के उत्तम नगर इलाके में हुए तरुण की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसमें पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उमरदीन (49), जुम्मादीन (36), मुस्ताक (46), कमरुद्दीन (36), मुज्जफर (25) और ताहिर (18) के रूप में हुई है। सभी आरोपित जेजे कॉलोनी, हस्तसाल, उत्तम नगर के रहने वाले हैं। इसके अलावा मामले में एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है, जिसकी पहचान कानूनन उजागर नहीं की गई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या के इस मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पॉक्सो एक्ट और अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी-एसटी) अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। इन धाराओं को जोड़ने के बाद मामले को और गंभीरता से जांचा जा रहा है।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपितों की पहचान की और अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों से घटना से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आरोपितों की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के पीछे की साजिश क्या थी और इसमें अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी