(संशोधित) उत्तम नगर में तनाव के बीच ईद शांतिपूर्ण, थाने के बाहर हंगामा; 40 से ज्यादा लोग हिरासत में
नोट-डेटलाइन में संशोधन के बाद यह खबर दोबारा जारी की गई है।
नई दिल्ली, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तम नगर इलाके में शनिवार को एक ओर जहां ईद-उल-फितर का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया, वहीं दूसरी ओर थाने के बाहर हंगामे की स्थिति देखने को मिली। बीच-बीच में “जय श्री राम” के नारे लगाए जाने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, ईद के मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर नमाज अदा करने पहुंचे। नमाज के बाद लोगों ने आपस में गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। प्रशासन और पुलिस की कड़ी निगरानी के चलते पूरे इलाके में त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
किसी भी संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की थी। करीब 1500 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, जबकि 400 से अधिक पैरामिलिट्री बल के जवान भी मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा 100 से ज्यादा चेकिंग प्वाइंट बनाए गए थे। ड्रोन के जरिए निगरानी रखी गई और ऊंची इमारतों पर भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई।
पुलिस ने भड़काऊ सामग्री और बयानबाजी पर सख्ती दिखाते हुए 68 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को बंद कराया है। साथ ही एहतियात के तौर पर मीडिया के इलाके के अंदर प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई गई है।
नजफगढ़ से उत्तम नगर आने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वाहनों की तलाशी ली जा रही है और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुबह नमाज के दौरान स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में रही। स्थानीय लोगों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के चलते कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। हालांकि, कुछ संगठनों द्वारा नारेबाजी की कोशिश की गई, जिसे पुलिस ने तुरंत नियंत्रित कर लिया।
फिलहाल थाने के बाहर जारी हंगामे को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार इलाके का दौरा कर रहे हैं और हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार

