बक्सर में कंटेनर से 3.07 लाख मिलीलीटर विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
बक्सर, 17 जुलाई (हि.स.)। जिले के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान के दौरान मध्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से भारी मात्रा में पंजाब निर्मित विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई मध्य निषेध के प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई।
जांच के दौरान दिल्ली से पटना जा रहे एक कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। कंटेनर में ऊपर से कैरियर का सामान लोड था। अधिकारियों ने जब सील तोड़कर गहन जांच की तो सामान के बीच छिपाकर रखी गई पंजाब निर्मित विदेशी शराब की पेट बोतलें बरामद हुईं। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।
कुल 3,07,170 मिलीलीटर (307.17 लीटर) विदेशी शराब बरामद हुई है। जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य 3.68 लाख रुपये बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपित गोरखपुर, उत्तर प्रदेश का सुनील यादव (33) है। पुलिस ने जिस टाटा ट्रक (नंबर: DL1MB5961) से शराब बरामद की है, उसे भी जब्त कर लिया है। मध्य निषेध विभाग ने आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

