उत्तर प्रदेश से बिहार लाई जा रही 2,682 लीटर शराब बरामद, चालक गिरफ्तार
बक्सर, 04 सितंबर (हि.स.)।
शराबबंदी वाले बिहार में उत्तर प्रदेश के रास्ते शराब की बड़ी खेप पहुंचाने की कोशिश को उत्पाद विभाग की टीम ने नाकाम कर दिया। वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर शुक्रवार की सुबह जांच के दौरान वाहन संख्या यूपी 17 एटी 1406 से कुल 2,682 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से वाहन चालक गिरधारीलाल सिंह, पिता गुरुप्रसाद सिंह को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 34.50 लाख रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को उत्तर प्रदेश की ओर से शराब की बड़ी खेप बिहार में लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदेह के आधार पर उक्त वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
जांच में आइकोनिक व्हाइट प्रीमियर इंटरनेशनल ग्रेन व्हिस्की की 249 पेटियां मिलीं। प्रत्येक पेटी में 12 बोतल होने के हिसाब से इसकी कुल मात्रा 2,241 लीटर बताई गई। इसके अलावा किंग एक्सक्विजिट ब्लेंडेड व्हिस्की की 48 पेटियां, जिनमें 750 मिलीलीटर की बोतलें थीं, बरामद हुईं। इसकी मात्रा करीब 432 लीटर है। साथ ही इसी प्रकार की एक अतिरिक्त पेटी से 9 लीटर शराब बरामद हुई। इस तरह कुल बरामदगी 2,682 लीटर हुई।
बरामद शराब विदेशी निर्मित मदिरा की श्रेणी की व्हिस्की है। इसमें एक प्रकार की इंटरनेशनल ग्रेन व्हिस्की और दूसरी ब्लेंडेड व्हिस्की शामिल है। जब्त शराब की बोतलों पर अंकित विवरण के आधार पर यह शराब चंडीगढ़ निर्मित है जो यह खेप उत्तर प्रदेश की ओर से बिहार लाई जा रही थी। वाहन के पंजीकरण संख्या से भी इसके उत्तर प्रदेश का होने की पुष्टि होती है।
उत्पाद विभाग ने वाहन और शराब को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश में कहां से लोड की गई थी और बिहार में इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस धंधे में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में शराब पकड़े जाने के बाद तस्करी के संगठित गिरोह से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

