home page

बलिया से पटना जा रही कार से 176 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर दबोचे गए

 | 
बलिया से पटना जा रही कार से 176 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर दबोचे गए


बक्सर, 23 जुलाई (हि.स.)। जिले के वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 176.05 लीटर विदेशी शराब बरामद की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शराब की खेप बलिया (उत्तर प्रदेश) से पटना ले जाई जा रही थी। पुलिस ने वाहन को जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

जब्त वाहन का पंजीकरण संख्या BR-01CX-1735 बताया गया है। बरामद शराब में विभिन्न ब्रांड शामिल हैं, जिनमें Royal Stag की 750 एमएल की 120 बोतल (90 लीटर), Magic Moments Vodka की 8 बोतल (6 लीटर), 100 Pipers की 1 बोतल (0.75 लीटर), Black & White की 2 बोतल (1.50 लीटर), 8 PM Gold की 180 एमएल की 40 बोतल (7.20 लीटर), After Dark की 180 एमएल की 45 बोतल (8.10 लीटर), Blenders Pride की 180 एमएल की 25 बोतल (4.50 लीटर) तथा Budweiser Magnum Beer की 500 एमएल की 116 कैन (58 लीटर) शामिल हैं। कुल बरामद शराब की मात्रा 176.05 लीटर है।

गिरफ्तार तस्करों में एक उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले का लगभग 42 वर्षीय व्यक्ति तथा दूसरा बलिया (उत्तर प्रदेश) का लगभग 30 वर्षीय युवक बताया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। उत्पाद विभाग ने वाहन को जब्त कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra