अनूपपुर: पोती ने वृद्ध दादा का शव गौशाला में फंदे पर लटका देख परिजनों को दी जानकारी
अनूपपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के पटनाकलां गांव में शनिवार को 60 वर्षीय जगदीश बैगा का शव घर के पास गौशाला में फंदे पर लटका मिला। जगदीश बैगा पुत्र दननी बैगा की 12 वर्षीय पोती सुबह मवेशियों को बांधने वाली गौशाला में गई थी। वहां उसने अपने दादा को फंदे पर लटका देखा। वह चीखते हुए घर पहुंची और दादी को बताया। इसके बाद परिजन गौशाला पहुंचे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिजनों ने सुबह करीब 9:30 बजे चचाई थाना क्षेत्र की देवहरा पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल अनूपपुर भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
देवहरा पुलिस चौकी प्रभारी रंगनाथ मिश्रा के अनुसार, जगदीश बैगा शराब पीने के आदी था। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को भी उन्होंने दिनभर शराब पी थी। रात में खाना खाने के बाद वे सो गए थे। घटना शुक्रवार- शनिवार रात होने का अनुमान है। शुरुआती जांच में किसी विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस के अनुसार, जगदीश बैगा के ज्यादा शराब पीने पर उनका एक बेटा खेत की देखभाल के लिए चला जाता था। शुक्रवार को भी बेटा रात से शनिवार सुबह तक खेत में था। जगदीश के दो अन्य बेटे काम के सिलसिले में परिवार के साथ गांव से बाहर रहते हैं। एक बेटा अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ गांव में ही रहता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

