(अपडेट) मथुरा: फर्जी ईडी अधिकारी गिरफ्तार, नीली बत्ती लगी कार से झाड़ रहा था रौब
मथुरा, 09 नवम्बर(हि.स.)। मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र में प्रवर्तन निदेशालय का फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को ठगने और उन पर रौब जमाने वाले शातिर को सोमवार दोपहर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले दो साल से अपनी कार पर नीली बत्ती लगाकर घूम रहा था और सोशल मीडिया के जरिए भी खुद को अधिकारी के रूप में प्रचारित कर रहा था। रिफाइनरी के पुलिस उपाधीक्षक प्रवीण तिवारी ने भी स्वीकार किया कि वह खुद उसके झांसे में आ गए थे। हालांकि उसकी बातों पर संदेह होने के बाद जब जांच कराई गई तो पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया।
पुलिस उपाधीक्षक प्रवीण तिवारी के मुताबिक आरोपी फरह के नगला बर (दीनदयाल धाम) निवासी सचिन शर्मा पिछले करीब दो साल से खुद को ईडी का असिस्टेंट डायरेक्टर बताकर घूम रहा था। दो दिन पहले वह उनके कार्यालय में भी आया था। बातचीत के दौरान जब उन्होंने उससे पूछा कि उसका चयन कब हुआ था तो उसने बड़ी चालाकी से अपनी नियुक्ति की कहानी सुनाई। आरोपी ने बताया कि उसने वर्ष 2023 में यूपीएससी की मुख्य परीक्षा दी थी लेकिन साक्षात्कार में असफल हो गया था। इसके बाद उसने प्रतिमा पोर्टल के माध्यम से साक्षात्कार दिया और तमिलनाडु में ईडी के असिस्टेंट डायरेक्टर पद पर उसकी नियुक्ति हो गई। बाद में उसका स्थानांतरण लखनऊ कर दिया गया और अब वह मथुरा में ही रहता है। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि आरोपी की बातों पर उन्हें भी पहले विश्वास हो गया था लेकिन बाद में उसकी कहानी पर कुछ संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2023 की यूपीएससी परीक्षा का परिणाम डाउनलोड कर जांच की तो उसमें आरोपी का नाम कहीं नहीं मिला। इससे उसकी बताई गई नियुक्ति की कहानी संदिग्ध हो गई। जांच को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय के डिप्टी डायरेक्टर से फोन पर संपर्क कर आरोपी के बारे में जानकारी मांगी। वहां से स्पष्ट किया गया कि इस नाम का कोई अधिकारी प्रवर्तन निदेशालय में तैनात नहीं है। इसके बाद आरोपी की फर्जी पहचान की पूरी सच्चाई सामने आ गई। सोमवार शाम पुलिस अधीक्षक नगर राजीव कुमार सिंह ने बताया गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कस्बा फरह का रहने वाला है। आरोपी ने फर्जी ईडी अधिकारी बनकर अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है, इसका पता लगाया जा रहा है। मामले की गहराई से छानबीन के लिए वैज्ञानिक साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल लोकेशन की मदद ली जा रही है। आरोपी के खिलाफ थाना रिफाइनरी में संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं और संलिप्त लोगों की भी तलाश कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

