home page

बारात में आए युवक की मारपीटकर हत्या, साथी घायल

 | 
बारात में आए युवक की मारपीटकर हत्या, साथी घायल


बलिया, 25 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सहतवार थाना क्षेत्र स्थित बलेऊर के रेवती-सहतवार मार्ग स्थित मैरिज हॉल के पास मंगलवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की मारपीटकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

सहतवार थाना क्षेत्र स्थित बलेऊर निवासी सुरेश राजभर की लड़की की बारात मनियर थाना क्षेत्र के बड़सरी जागीर निवासी रामू राजभर पुत्र कन्हैया राजभर के यहां से मंगलवार को आयी थी। द्वारपूजा के बाद जयमाल का कार्यक्रम हो चुका था। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे मोहन राजभर (19) और विजय राजभर खाना खाकर वापस जनवासे की तरफ जा रहे थे। इसी बीच अज्ञात बादमशों ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। मोहन को आनन-फानन में जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विजय आंशिक रूप से घायल हैं।

विजय राजभर ने बताया कि जयमाल आदि का कार्यक्रम हो चुका था। हम लोग नाश्ता तथा खाना खाकर शामियाने की तरफ जा रहे थे। इसी बीच कुछ बदमाश गाड़ी से उतरे और बिना पूछे ही मारने लगे। इस बाबत एएसपी दिनेश शुक्ल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम में रखवा दिया गया है। मृतक के परिजन से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा चुका है। घटना में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी