home page

नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

 | 
नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका


मीरजापुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले की लालगंज कोतवाली क्षेत्र के महुलार गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घोरी डैम और अस्थाई गौ आश्रय स्थल के पास एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

सुबह टहलने निकले ग्रामीणों और गौ आश्रय स्थल के कर्मियों की नजर जैसे ही पेड़ से लटकते शव पर पड़ी, क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या कर शव को लटकाया गया है।

सूचना मिलते ही कोतवाल अभय कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पहचान कराई। मृतक की पहचान पचोखर ग्राम पंचायत के बैरहर निवासी 30 वर्षीय मनोराम पटेल के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजन व ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोतवाल ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा