पांचवें दिन गंगा में उतराता मिला युवक का शव, हाथ-पैर बंधे होने से मचा हड़कंप
- परिजन ने साथ गए युवकों पर लगाया नदी में फेंकने का आरोप
मीरजापुर, 03 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जिगना थाना क्षेत्र के मिश्रपुर गांव से गंगा नदी में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव घटना के पांचवें दिन गुरुवार शाम भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र के बदरी बराही गांव के घाट पर बरामद हो गया। गंगा नदी में उतराता मिले शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे। सूचना पर पहुंचे परिजन ने शव की पहचान बेटे अजय कुमार के रूप में करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। की।
मिश्रपुर निवासी राकेश मांझी का पुत्र अजय कुमार बीते शनिवार की शाम नाव पर आयोजित मुर्गा पार्टी में गया था। उसके साथ गए नौ युवक रात करीब दस बजे तक घर लौट आए थे। परिजन के पूछने पर साथ गए युवकों ने बताया था कि अजय गंगा में कूद गया था। इसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।
मृतक के पिता राकेश मांझी, भाई विकास, सूरज मांझी और गोविन्दर ने आरोप लगाया कि अजय को साथ गए युवकों ने जानबूझकर गंगा की धारा में फेंक दिया। युवक की तलाश में एसडीआरएफ की टीम ने तीन दिनों तक गंगा में अभियान चलाया था, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। गुरुवार शाम पांच किलोमीटर पूरब भदोही जिले के बदरी बराही घाट पर शव मिलने की सूचना पर परिजन पहुंचे। दादा बालचंद निषाद और परिवार के सदस्यों ने शव की पहचान बेटे अजय के रूप में की। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी शादी नहीं हुई थी।
इस मामले में पार्टी में मृतक के साथ गए नौ युवकों को पुलिस ने दो दिनों तक थाने में बैठाने के बाद बुधवार को शांति भंग की आशंका में चालान किया था। मृतक के पिता ने बताया कि गोपीगंज पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं जिगना थाना पुलिस आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई करने की बात कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

