अमेठी में युवक की गोली मार कर हत्त्या
सुलतानपुर, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला अमेठी के पीपरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खानापुर गांव में शुक्रवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि श्रीकांत मिश्रा के मौसेरे भाई सचिन पांडे ने गांव के ही दीपक मिश्रा को पिस्टल दिखाने के बहाने बुलाया था। इसी दौरान सचिन पांडे ने अवैध पिस्टल से दीपक मिश्रा के सीने में गोली मार दी। गोली लगने से दीपक मिश्रा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। ग्रामीणों ने तुरंत घायल युवक को सुल्तानपुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी सचिन पांडे की तलाश की जा रही है।
सुलतानपुर के नगर क्षेत्राधिाकारी सौरभ सामंत ने बताया कि आज अमेठी, थाना पीपरपुर क्षेत्रांतर्गत दीपक मिश्रा पुत्र कपिल मुनि मिश्रा, निवासी थानापुर, थाना पीपरपुर, जनपद अमेठी, गोली लग जाने से घायल हो गए। जिनको जिला अस्पताल सुलतानपुर लाया गया, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शव का पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

