ग्राहक बनकर ज्वैलरी दुकान आया युवक 40 हजार की अंगूठियां लेकर फरार
मीरजापुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जिगना थाना क्षेत्र के हरगढ़ बाजार में सोमवार सुबह ज्वैलरी दुकान पर ग्राहक बनकर आए युवक ने 40 हजार रुपये कीमत की दो सोने की अंगूठियां पार कर दीं। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया।
हरगढ़ निवासी प्रिंस कुमार पुत्र ताड़केश्वरनाथ की ज्वैलरी की दुकान है। आज दुकान खुलते ही एक युवक पहुंचा और अपना नाम-पता बताकर सोने की अंगूठियां दिखाने को कहा। उसने दो अंगूठियां पसंद कीं और बातों-बातों में जेब में रख लीं। जब दुकानदार ने रुपये मांगे तो युवक बोला कि नकदी बाइक की डिग्गी में है। यह कहकर वह बाहर निकला और बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया।
दुकानदार ने दौड़ कर पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। पीड़ित दुकानदार थाने पहुंचा और थानेदार को मामले की जानकारी देते हुए तहरीर दी। जिसमें उसने चड़ैचा गांव निवासी सौरभ मिश्रा पुत्र बबलू मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थाना प्रभारी जिगना संजय कुमार सिंह ने बताया कि ज्वैलरी दुकानदार की तहरीर पर नामजद आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शीघ्र ही आरोपित को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व बिहसड़ा बाजार में ऑटो पार्ट्स की दुकान से टायर खरीदकर फर्जी आईडी से भुगतान करने के मामले में भी ज्वैलरी दुकानदार के साथ जालसाजी करने युवक का नाम सामने आया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

