औरैया : मारपीट में घायल युवक की मौत,परिजनाें ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
औरैया, 14 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक अंकित दोहरे ग्वालियर में उपचार के दौरान मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने फुटेकुआ चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। इससे बडेरा मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। सीओ और कोतवाल के समझाने तथा मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाए जाने की जानकारी देने पर परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव ज्ञानपुर प्रताप सिंह (भूरेपुर) निवासी अंकित दोहरे सात नवंबर की रात करीब आठ बजे फुटेकुआ से बाजार करके घर लौट रहा था। परिजनों के अनुसार, गांव के पास जयवीर पुत्र दुलारे और उसके रिश्तेदार शिवम ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घर पहुंच कर अंकित ने घटना की जानकारी अपने चाचा सुभाष को दी। इसके बाद सुभाष उसे लेकर शिकायत करने आरोपितों के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां दीपू, आशीष, राम सिंह और शिवम समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से दोनों पर हमला कर दिया। इसमें अंकित और उसके चाचा घायल हो गए।
पुलिस ने अंकित को सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सुधार न होने पर परिजन उसे ग्वालियर ले गए, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज किए गए थे। शनिवार को शव पहुंचने पर परिजन जिलाधिकारी को बुलाने की मांग करने लगे। सूचना पर सीओ अजीतमल शैलेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा पहुंचे। सीओ ने बताया कि मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने मुकदमे की प्रति भी परिजनों को दिखाई। दो नामजद आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि एक आरोपित जिला अस्पताल में उपचाराधीन है। मौके पर फफूंद थानाध्यक्ष अजय कुमार, अयाना थाना प्रभारी संजय राय, महिला थानाध्यक्ष पूजा राठौर समेत कई थानों का पुलिस बल तैनात रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

