home page

10 लाख की चरस के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
10 लाख की चरस के साथ युवक गिरफ्तार


मीरजापुर, 06 जुलाई (हि.स.)। चुनार पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को 1 किलो 35 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) राजकुमार मीणा एवं क्षेत्राधिकारी चुनार जटाशंकर मिश्र के पर्यवेक्षण में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में सोमवार तड़के करीब 2:25 बजे चुनार कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह ने पुलिस टीम के साथ दुर्गाजी मोड़ स्थित खोवा मंडी के आगे पहाड़ी मोड़ के पास घेराबंदी कर करनल उर्फ सोनू पटेल (25) निवासी बाराडीह उदितनगर, थाना चुनार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो 35 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी चकगंभीरा उपनिरीक्षक हरिशंकर यादव, हेड कांस्टेबल विमलेश सिंह, अंकित मिश्रा, विनय कुमार राय, विनय यादव तथा कांस्टेबल भानु प्रताप सिंह, आशुतोष पांडेय, संदीप यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा