home page

शताब्दी एक्सप्रेस के ट्रैक पर पत्थर रखने वाला युवक गिरफ्तार

 | 
शताब्दी एक्सप्रेस के ट्रैक पर पत्थर रखने वाला युवक गिरफ्तार


मीरजापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र में चुनार-चोपन रेलखंड पर शताब्दी एक्सप्रेस के सामने रेलवे ट्रैक पर पत्थर रखने के आरोपित युवक को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना छह जुलाई की रात की है। पत्थर इंजन से टकराया, लेकिन कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

आरपीएफ के अनुसार, छह जुलाई की रात करीब 12:30 बजे सोनवर्षा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर रखा गया पत्थर शताब्दी एक्सप्रेस के इंजन से टकरा गया। टक्कर की आवाज सुनकर लोको पायलट ने ट्रेन रोककर ट्रैक का निरीक्षण किया। इसके बाद लूसा स्टेशन मास्टर को सूचना दी गई, जिन्होंने आरपीएफ थाना चुर्क को अवगत कराया।

जांच के दौरान आरपीएफ ने सेमरा बरहो गांव निवासी 27 वर्षीय विवेक कुमार उर्फ शिवा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि युवक का एक युवती से प्रेम संबंध था। युवती के परिजनों द्वारा विवाह की बात ठुकराकर उसे घर से भगा दिए जाने के बाद वह नाराज होकर पहले रेलवे ट्रैक पर बैठ गया। रेल कर्मचारियों द्वारा वहां से हटाए जाने के बाद उसने सोनवर्षा गांव के पास ट्रैक पर बड़ा पत्थर रख दिया।

आरपीएफ थाना चुर्क के प्रभारी निरीक्षक नीरज ओझा ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक से छेड़छाड़ गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा