विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुरालियाें पर लगा दहेज हत्या का आरोप
जौनपुर,19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित चकमाहन गांव में एक विवाहिता शेजल यादव ने बुधवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। गुरुवार सुबह जानकारी मिलते ही माैके पर पहुंची पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।मायके पक्ष ने ससुरालियाें पर हत्या का आराेप लगाया है।
थाना प्रभारी के.के. सिंह ने बताया कि मृतका के पिता जयशंकर यादव और मां रेखा ने बताया कि उन्होंने अपनी जमीन बेचकर 29 अप्रैल 2025 को बेटी शेजल की शादी चकमाहन निवासी कन्हैया लाल यादव के पुत्र सचिन यादव से की थी। सचिन मुंबई में नौकरी करता है।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही कम दहेज को लेकर ससुरालवाले शेजल को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। परिवार ने बताया कि एक दिन पहले ही वे बेटी को मायके कोहड़े सुल्तानपुर (थाना बक्सा) ले गए थे, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग वहां पहुंचकर दबाव बनाते हुए उसे वापस ले आए। इसके कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद मामले की सच्चाई सामने आएगी।अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

