home page

फांसी पर लटका मिला नवविवाहिता का शव, ससुरालीजनों पर हत्या करने का आरोप

 | 
फांसी पर लटका मिला नवविवाहिता का शव, ससुरालीजनों पर हत्या करने का आरोप


फतेहपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार को जाफरगंज थाना क्षेत्र के डांडा अमौली मजरे रमदिनवापुर में प्रियंका देवी पत्नी विश्वम्भर निषाद का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर घटना की जांच कर रही है।

सूचना पर मायके वाले मौके पर पहुंच गए और ससुरालीजनों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मायके वालों ने आरोप लगाते हुए बताया कि घरेलू कलह और प्रताड़ना के चलते बेटी प्रियंका की मौत हुई है। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा जा सका। प्रियंका का पति विश्वम्भर दो दिन पहले ही घर से मुंबई गया था। इसके बाद आज प्रियंका का कमरे के अंदर शव फंदे पर लटका मिला। प्रियंका की शादी नवंबर 2025 में जाफरगंज थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार आज सुबह मृतका के ससुर राम विशाल पशुओं के लिए चारा लेने खेत गए थे। चारा लेकर दोपहर घर लौटे। घर के अंदर आंगन का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद छत पर स्थित आंगन का जाल काटकर रस्सी के सहारे नीचे उतरा गया और दरवाजा खोला गया। अंदर कमरे में प्रियंका का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।

सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। कार्यवाहक थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के भाइयों के आने का इंतजार किया जा रहा है। मायके पक्ष के लोगों से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को लेकर बातचीत चल रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार