home page

महिला का पर्स छीनने वाले तीन आराेपित गिरफ्तार, नकदी और जेवर बरामद

 | 
महिला का पर्स छीनने वाले तीन आराेपित गिरफ्तार, नकदी और जेवर बरामद


औरैया, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चलती बाइक पर महिला से झपट्टा मारकर पर्स छीनने की घटना का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तमंचा, दो कारतूस, 4200 रुपये नकद, मोबाइल फोन, चांदी की तोड़िया और महिला का पर्स बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल माेटर साइकिल भी बरामद की गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने रविवार काे बताया कि उडेलापुर निवासी सुरेश कुमार 13 नवंबर को अपनी पत्नी के साथ बाइक से अछल्दा जा रहे थे। दोपहर करीब 2:40 बजे रुरुगंज स्थित सिद्ध विनायक गेस्ट हाउस के पास बाइक सवार तीन बदमाशाें ने उनकी पत्नी के हाथ से पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पति सुरेश कुमार की तहरीर पर बिधूना थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही थी।

इसी क्रम में बिधूना थाना और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर चिरकुआ पुलिया के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवकों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से 12 बोर का तमंचा, दो कारतूस, 4200 रुपये, मोबाइल फोन, एक जोड़ी सफेद धातु की तोड़िया और महिला का पर्स बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजीव उर्फ सन्जू यादव निवासी सुल्तानपुर थाना ऐरवाकटरा, अंकित कुमार निवासी गुजरीपुर थाना कुदरकोट और अजय कुमार उर्फ भोलू राठौर निवासी दोबा थाना ऐरवाकटरा के रूप में हुई हैं। पूछताछ में आरोपितों ने महिला का पर्स छीनने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि पर्स में कुल आठ हजार रुपये थे, जिनमें से कुछ खर्च कर दिए और शेष 4200 रुपये बरामद हो गए। बाकी सामान बेचने के लिए बेला की ओर जा रहे थे।

पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आराेपित संजीव उर्फ सन्जू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, संजीव पर पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार