home page

संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, हत्या के आरोप पर ससुराल पक्ष फरार

 | 
संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, हत्या के आरोप पर ससुराल पक्ष फरार


मीरजापुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।

मृतका की पहचान 32 वर्षीय बंदनी पत्नी संतु विश्वकर्मा निवासी रामगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात उसका शव घर के अंदर जमीन पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मृतका के भाई मनीष विश्वकर्मा ने पुलिस को दी, जिसके बाद चुनार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

हल्का इंचार्ज उप निरीक्षक सरोज कुमार चौबे ने मौके का निरीक्षण कर शव का पंचनामा भरवाते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, वाराणसी के बभनीयाव गांव निवासी मृतका के पिता कृष्णकुमार विश्वकर्मा ने बेटी की हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह गांव के लोगों से सूचना मिलने पर जब वह रामगढ़ पहुंचे तो बेटी का शव जमीन पर पड़ा था और घर के सभी लोग गायब थे।

मृतका के दो बेटे अंश (13) और आयुष (12) हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बेहाल हैं।

इस मामले में चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह ने गुरुवार काे बताया कि विवाहिता की मौत हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा