मीरजापुर : लाठी से वृद्धा की पीटकर हत्या, पति घायल
मीरजापुर, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में जिगना थाना क्षेत्र के खैरा गांव में गुरुवार को एक युवक ने लाठी से हमला कर वृद्धा की जान ले ली। हमले में मृतक वृद्धा के पति भी घायल हैं। घटना की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम भेजकर नामजद आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
मृतका के बेटे रमाकांत पाल के अनुसार, गांव निवासी अंकित दुबे पुत्र अखिलेश दुबे ने घर से करीब पांच सौ मीटर दूर डेरे पर पहुंचकर 65 वर्षीय तेरसू पुत्र सहदेव के साथ लाठी से मारपीट की। जान बचाकर तेरसू घर की ओर भागा। चीख-पुकार सुनकर उसकी पत्नी निअदरा देवी बचाव के लिए पहुंचीं तो आरोपित ने उन पर भी लाठी से हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन आनन-फानन में निअदरा देवी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोंई ले गए। वहां प्रभारी चिकित्सक पुनीत अग्रवाल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। निअदरा देवी सात बेटों और दो बेटियों की मां थीं।
मृतका के बेटे ने बताया कि आरोपित से परिवार की कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। अचानक हमला क्यों किया गया, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एकमात्र नामजद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम भेजी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

