दहेज के लिए ससुरालियों ने विवाहिता को पीटा, पति समेत पर 6 पर मुकदमा दर्ज
शरीर के कई अंग फटे,अभियोग पंजीकृत
बहराइच, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच की कोतवाली नानपारा अन्तर्गत गायत्री मन्दिर के निकट ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी न होने व पुत्री के जन्म लेने पर विवाहिता की पिटाई कर घायल कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पति, सास, श्वसुर,देवर,नन्द और नन्दोई के विरुद्ध गम्भीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर पुलिस ओ जांच शुुरु कर दी है।
नानपारा देहात के गायत्री मन्दिर के निकट रहने वाले वीरेन्द्र सोनी आभूषण का व्यापार करते हैं। उन्होंने बताया कि पुत्री आराधना का विवाह 9 दिसम्बर 2022 को बहराइच के रहने वाले शिवम रस्तोगी के साथ हिन्दू रीति रिवाज से किया था। विवाह में सामर्थ्य अनुसार दान दहेज भी दिया था,लेकिन विवाह के तीन माह बाद ही ससुरालियों का व्यवहार बदल गया। विवाहिता ने बताया कि ससुरालीजन शादी के बाद बीस लाख रुपये व बाईपास पर प्लॉट की मांग करने लगे,विरोध करने पर कमरे में बंद कर पीटा जाने लगा। आरोप लगाया कि पिटाई के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को बंद कर दिया जाता था,जिससे सच्चाई सामने न आ सके।
आराधना ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि दहेज को लेकर उन पर प्राणघातक हमला भी किया गया, जिसमें उसका हाथ गम्भीर रूप से घायल हो गया,और टांके लगवाने पड़े। पीड़िता के शरीर पर जुल्म के अन्य कई निशान भी मिले हैं। पीड़िता ने यह भी बताया कि 17 दिसम्बर 2025 को कोतवाली नगर में शिकायत की गई थी। उस समय ससुरालीजनों ने समझौते का आश्वासन देकर मामला रफा-दफा कर दिया था,लेकिन उसके बाद भी दहेज की मांग और अत्याचार निरन्तर जारी रहा। इसी के बाद पिता उसे मायके वापस ले आये।
इस सम्बन्ध में नानपारा की महिला थानाध्यक्ष अपर्णा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति,सास,श्वसुर,देवर,नन्द और नन्दोई के विरुद्ध गम्भीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की गहनता से विवेचना की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

