home page

जम्मूतवी एक्सप्रेस में ट्रॉली बैग लेकर घूम रही महिला गिरफ्तार, 11.530 किलो गांजा बरामद

 | 
जम्मूतवी एक्सप्रेस में ट्रॉली बैग लेकर घूम रही महिला गिरफ्तार, 11.530 किलो गांजा बरामद


मीरजापुर, 30 अगस्त (हि.स.)। रेलवे स्टेशन मीरजापुर पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त चेकिंग के दौरान रविवार को जम्मूतवी एक्सप्रेस से एक महिला को 11.530 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। महिला कथित तौर पर गांजा लेकर मीरजापुर में बिक्री के लिए पहुंची थी।

जीआरपी थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक, दो और तीन पर संदिग्ध यात्रियों व वस्तुओं की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 18309 जम्मूतवी एक्सप्रेस के बी-4 कोच में एक संदिग्ध महिला गुलाबी रंग का ट्रॉली बैग लेकर यात्रा कर रही है। सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ और स्कॉर्ट टीम ने ट्रेन के मीरजापुर पहुंचने पर महिला की निगरानी शुरू कर दी।

ट्रेन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर रुकते ही महिला पुलिसकर्मियों की मदद से बाथरूम के पास भागने का प्रयास कर रही महिला को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रीती गिरी (20) निवासी घरवाह, थाना जमालपुर बताया। महिला ने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि वह इसे संभलपुर से लेकर आ रही थी और मीरजापुर में बेचने जा रही थी।

राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी के दौरान गुलाबी ट्रॉली बैग से खाकी टेप में लिपटे नौ बंडल बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर इनका कुल वजन 11.530 किलोग्राम निकला। पुलिस ने गांजा कब्जे में लेकर महिला के खिलाफ जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा