home page

पुलिस मुठभेड़ में वांछित गो तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

 | 
पुलिस मुठभेड़ में वांछित गो तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली


मीरजापुर, 21 मार्च (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गो-तस्करी के वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर के अनुसार, 19 मार्च को पाली क्षेत्र से एक ट्रक में 26 गोवंश बरामद किए गए थे। इस मामले में गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। उसी मामले में वांछित चल रहे शातिर तस्कर सिराज अहमद की तलाश की जा रही थी।

शनिवार को सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम कुसहां जडावती नदी पुलिया के पास संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपित के बाएं पैर में गोली लग गई।

घायल अवस्था में उसे पकड़कर पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई है। मौके से पुलिस ने एक 315 बोर तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किया हैं।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष संजय सिंह व उपनिरीक्षक अवधेश सिंह समेत जिगना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा