home page

शाहजहांपुर में 10 हजार का इनामी गिरफ्तार

 | 
शाहजहांपुर में 10 हजार का इनामी गिरफ्तार


शाहजहांपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में तिलहर थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद करने का दावा किया है।

प्रभारी निरीक्षक प्रभाष चन्द्र ने बुधवार को बताया कि आरोपित की पहचान सुरेंद्र उर्फ सुरेंद्र प्रधान (35) निवासी शाहवेगपुर, थाना तिलहर के रूप में हुई है। आरोपित की गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस अधीक्षक साैरभ दीक्षित ने

बताया कि बीते 13 अगस्त को शहवेगपुर गांव में सुरेंद्र कुमार की लाठी डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। परिवार वालों का आरोप था कि गांव में कथित रूप से शराब बिक्री का सुरेंद्र कुमार और उनका परिवार विरोध करता था। इसी बात को लेकर प्रधान पति सुरेंद्र नाराज चल था। इसी नाराजगी में प्रधान पति ने सुरेंद्र कुमार को घर बुलाकर अपने साथियों के साथ लाठी-डंडों और बांके से हमलाकर कर सुरेंद्र कुमार की हत्या कर दी थी।

घटना के बाद पुलिस ने सुखदेव, वसुदेव, गोविन्द अमित तथा दिलीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं एक आरोपित वीपी पुत्र नन्दराम ने कुछ दिनों पहले न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। जबकि प्रधानपति सुरेन्द्र गिरफ्तारी के बचने के फरार हो गए।

आरोपित की गिरफ्तारी पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित था।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया की लगातार तलाश के बाद आरोपित सुरेंद्र को मंगलवार की देर शाम को सुभाष नगर रिंग रोड स्थित गर्रा पुल के पास से गिरफ्तार किया है । उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लाठी बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ तिलहर और अल्हागंज थानों में आबकारी अधिनियम तथा सड़क दुर्घटना से संबंधित तीन पुराने मुकदमे भी दर्ज हैं। आरोपित के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा