वाराणसी : महिला को टक्कर मारने वाले कार चालक काे परिजनों ने पीट-पीट कर मार डाला
- घटना से तनाव काे देखते हुए फूलपुर थाना के साथ भारी पुलिस बल ने गांव में किया गश्त
वाराणसी, 28 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के फूलपुर थाना अंतर्गत ग्राम घमहापुर के पास रविवार देर शाम सड़क किनारे बर्तन धो रही एक महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस घटना से आक्रोशित महिला के परिजनों ने कार चालक को पीट-पीट कर मार डाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौक़े पर पहुंची और कार्रवाई की। वहीं साेमवार काे पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से गांव में तनाव काे देखते हुए पुलिस फोर्स के साथ अधिकारियाें ने गश्त किया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम घमहापुर निवासी बिंदू देवी (40) पत्नी सुरेन्द्र प्रजापति बीती देर शाम रविवार काे सड़क किनारे बर्तन धो रही थी। इसी दौरान घमहापुर का मनीष सिंह अपनी कार से घर लौट रहा था और अचानक कार अनियंत्रित होकर बिंदू देवी को टक्कर मार दी। हादसे से आक्राेशित महिला के परिजनों ने कार चालक मनीष सिंह को जमकर पीटा। घटना की जानकारी मिलते ही मनीष के परिजन माैके पर पहुंचे औरउसे घायल हालत में बीएचयू ट्रामा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मनीष की मौत के बाद उसके परिजनाें ने भी पिटाई करने वालाें के खिलाफ गांव पहुंच गए।
डीसीपी गोमती जोन कार्यालय के अनुसार, मृतक मनीष के परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर थाना फूलपुर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में 8 नामजद एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया है। नामजद आराेपिताें में दो को पुलिस हिरासत में ले लिया है। शेष आराेपिताें की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच एवं थाना फूलपुर की संयुक्त टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

