home page

सिंधोरा बसंतपुर में बारात से लौट रहे युवक की पीट—पीट कर हत्या, परिजनों ने किया चक्काजाम

 | 
सिंधोरा बसंतपुर में बारात से लौट रहे युवक की पीट—पीट कर हत्या, परिजनों ने किया चक्काजाम


वाराणसी, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के सिंधोरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर (चकदुल्ला) इलाके में बारात से लौट रहे एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतक की पहचान जौनपुर जिले के चंदवक निवासी रोहित राजभर के रूप में हुई है, जो इन दिनों सारनाथ के रूस्तमपुर स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था।

परिजनों के अनुसार, रोहित पांच मई की शाम एक बारात में शामिल होने गया था। देर रात घर लौटते समय बसंतपुर (चकदुल्ला) के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया और बेरहमी से पीटने लगे। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। बुधवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

बुधवार को आक्रोशित परिजनों ने सिंधोरा में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद बाद जाम समाप्त हुआ। मृतक के भाई ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि रोहित को पहले से ही व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से धमकियां मिल रही थीं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी