home page

सिपाही पर गोली चलाने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, साथी फरार

 | 
सिपाही पर गोली चलाने वाला बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, साथी फरार


वाराणसी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सिपाही पर जानलेवा हमला कर फरार हुए असलहा तस्कर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार देर रात लंका थाना क्षेत्र के रमना लौटूबीर इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी राज विश्वकर्मा के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं, मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी फरार होने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम लंका थाने की क्राइम टीम को सूचना मिली थी कि अवैध असलहों की तस्करी और बिक्री से जुड़े कुछ संदिग्ध नरिया तिराहे के पास आशुतोष नगर कॉलोनी में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम के चार सिपाही मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों को देखते ही वहां मौजूद बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। पेट, पीठ और हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोलीबारी के बाद पुलिसकर्मी घायल साथी को लेकर तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। घायल कांस्टेबल अमित शुक्ला मूल रूप से प्रयागराज के वर्करगंज के रहने वाले हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

डीसीपी काशी जोन गौरव बसंवाल के मुताबिक, पुलिस टीम पर फायरिंग करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा करते हुए घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी राज विश्वकर्मा के बाएं पैर में गोली लग गई और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी