ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली दवाएं बेचने वाले गिरोह का सरगना अभिषेक सिंह गिरफ्तार
वाराणसी में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, कूटरचित स्ट्रिप में नकली दवाएं भरकर वाराणसी और बिहार के मेडिकल स्टोरों तक पहुंचाता था गिरोह
वाराणसी, 19 नवंबर (हि.स.)। ब्रांडेड दवा कंपनियों के नाम पर नकली दवाओं का कारोबार करने वाले गिरोह के सरगना अभिषेक सिंह उर्फ रवि को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ ने बुधवार देर रात वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित कर्दमेश्वरपुरम कॉलोनी में द लर्निंग प्वाइंट कोचिंग के पास छापेमारी कर आरोपी को दबोचा जिसकी जानकारी मीडिया काे गुरूवार काे दी गई। वह मूल रूप से सोनभद्र जिले के अनपरा स्थित पतारू न्यू बस्ती परासी का निवासी है और वर्तमान में कंदवा के अंबे लेन, कर्दमेश्वरपुरम में रह रहा था।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपी प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम और ब्रांड का इस्तेमाल कर कूटरचित स्ट्रिप में नकली दवाएं पैक करवाता था। इसके बाद इन दवाओं को असली बताकर मेडिकल स्टोरों पर सप्लाई किया जाता था। पूछताछ में अभिषेक ने खुलासा किया कि वह सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति से नकली दवाएं खरीदता था। वह व्यक्ति हिमाचल प्रदेश के सोलन और बद्दी में प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम से फर्जी स्ट्रिप तैयार करवाकर उनमें मशीनों के जरिए नकली दवाओं की पैकिंग कराता था।
—बद्दी से कोरियर के जरिए वाराणसी पहुंचता था नकली दवाओं का खेप
आरोपी ने बताया कि नकली दवाओं की खेप हिमाचल प्रदेश के बद्दी से कोरियर के माध्यम से वाराणसी के लहरतारा स्थित कोरियर कार्यालयों पर मंगाई जाती थी। इसके बाद दवाओं को गिरोह के साथी सुरेंद्र नाथ मिश्रा के आवास और रोडवेज बस अड्डे के एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय में रखा जाता था। यहां से इनकी सप्लाई वाराणसी के विभिन्न मेडिकल स्टोरों के अलावा बसों के जरिए बिहार के मोहनिया, भभुआ और सासाराम सहित अन्य क्षेत्रों में की जाती थी।
गिरोह के सदस्य आपस में संपर्क बनाए रखने के लिए जंगी एप का इस्तेमाल करते थे। इस पर फर्जी नामों से खाते बनाकर बातचीत की जाती थी। नकली दवाओं के कारोबार से होने वाले लेनदेन का भुगतान नकद और बैंक खातों के माध्यम से किया जाता था।
—2023 में भी पकड़े गए थे गिरोह के सदस्य
पूछताछ में अभिषेक सिंह ने यह भी बताया कि गिरोह के एक साथी की गिरफ्तारी के बाद वह बिहार भाग गया था। कुछ दिनों तक फरार रहने के बाद वापस वाराणसी लौटा और फिर से नकली दवाओं के अवैध कारोबार में सक्रिय हो गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में भी एसटीएफ ने अभिषेक सिंह के गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद की थीं। इस मामले में वाराणसी के सिगरा थाने में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवेचना के दौरान अभिषेक सिंह के खिलाफ आरोप पत्र भी न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है।
एसटीएफ के स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को रोहनिया थाने में दाखिल कराया गया है। उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों, नकली दवाओं के निर्माण स्थलों और अवैध कारोबार से जुड़े धन के लेनदेन की पड़ताल की जा रही है। एसटीएफ ने अभिषेक सिंह से पूछताछ और उससे मिली जानकारी के आधार पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा हिमाचल प्रदेश में भी छापेमारी की कार्रवाई की है। जांच एजेंसियां नकली दवाओं के निर्माण और आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।
एसटीएफ के साथ छापेमारी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम भी शामिल रही।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

