home page

कैंट स्टेशन पर 1.95 करोड़ के सोने-हीरे के आभूषण के साथ दो युवक हिरासत में, आयकर विभाग ने शुरू की जांच

 | 
कैंट स्टेशन पर 1.95 करोड़ के सोने-हीरे के आभूषण के साथ दो युवक हिरासत में, आयकर विभाग ने शुरू की जांच


वाराणसी, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन (वाराणसी जंक्शन) पर जीआरपी ने संयुक्त अभियान के दौरान दो युवकों को लगभग 1.95 करोड़ रुपये मूल्य के सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद आभूषणों से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर मामले की सूचना आयकर विभाग को दी गई, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने भी दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है।

गिरफ्तार युवकों की पहचान गुजरात के सूरत निवासी रौनक (23) और गौतम (24) के रूप में हुई है। दोनों को जीआरपी थाने लाकर मीडिया के समक्ष पेश किया गया।

जीआरपी थाना प्रभारी राजोल नागर ने शुक्रवार काे बताया कि जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 6-7 पर दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। उनके हाव-भाव संदिग्ध प्रतीत होने पर टीम ने दोनों को रोककर उनके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से बड़ी मात्रा में सोने, चांदी और हीरे के आभूषण बरामद हुए।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि वे आभूषण लेकर जौनपुर जा रहे थे। हालांकि, बरामद ज्वेलरी से संबंधित कोई वैध बिल या अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद जीआरपी ने नियमानुसार आयकर विभाग को सूचना दी।

पूछताछ के दौरान दोनों ने दावा किया कि वे गुजरात की एक ज्वेलरी कंपनी में कार्यरत हैं। उनके अनुसार कंपनी सोने और हीरे के आभूषण तैयार करती है तथा वे देशभर में घूम-घूमकर संभावित ग्राहकों और कारोबारियों को ज्वेलरी के नमूने दिखाकर ऑर्डर लेने का कार्य करते हैं।

फिलहाल आयकर विभाग के अधिकारी बरामद आभूषणों के स्वामित्व और उनसे जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी