वाराणसी : मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली
- आठ जून को परचून व्यापारी जितेंद्र पटेल की गोली मारकर की थी हत्या
वाराणसी, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और रोहनिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात अवलेशपुर क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मीरजापुर जनपद के अहरौरा निवासी गोलू पटेल उर्फ माफिया और ज्ञान पटेल के रूप में हुई है। दोनों पर 8 जून की रात अवलेशपुर में परचून व्यापारी जितेंद्र पटेल की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित, व्यापारी के बैंक खाते में जमा लाखों रुपये हड़पने की साजिश रच रहे थे। वहीं, उनकी निशानदेही पर पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीन अन्य आरोपितों को भी हिरासत में लिया है। पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधिकारी प्रेस वार्ता के माध्यम से करेंगे।
एडीसीपी वरुणा जोन लिपि नागायत ने बताया कि घायल बदमाशों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 8 जून को हुई व्यापारी की हत्या के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान हत्या के पीछे जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़ा विवाद भी सामने आया है, जिसकी विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 35 वर्षीय जितेंद्र पटेल अवलेशपुर में जनरल स्टोर का संचालन करते थे। 8 जून की रात दुकान बंद करके घर लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

