पचास हजार के इनामी बदमाश मनीष यादव को एसटीएफ ने पुणे से किया गिरफ्तार
—ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाया जा रहा
वाराणसी, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने वाराणसी के चौबेपुर धौरहरा निवासी 50 हजार रूपये के इनामी बदमाश मनीष यादव उर्फ महादेव को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को पुणे की अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मनीष यादव के खिलाफ वाराणसी के बड़ागांव थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज है। इस मामले में फरार चल रहे आरोपित पर वाराणसी पुलिस ने 50 हजार रूपये का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ के स्थानीय अधिकारियों के अनुसार मनीष यादव एक मनबढ़ किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ चौबेपुर थाने में मारपीट के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
घटना 25 दिसंबर 2025 की शाम की है, जब बड़ागांव थाना क्षेत्र के इंदरपुर निवासी अभिषेक यादव और रामू यादव मोटरसाइकिल से जा रहे थे। दयालपुर गांव के पास उनकी बाइक कुछ लोगों से टकरा गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपित पक्ष ने दोनों की पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान एक हमलावर ने रामू यादव को गोली मार दी। गोलीबारी की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे रसूलपुर निवासी समीर सिंह को भी आरोपितों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल समीर सिंह की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि रामू यादव घायल हो गए। इस मामले में बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। स्थानीय पुलिस ने पहले ही पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मनीष यादव फरार चल रहा था और पुणे में छिपकर रह रहा था।
एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में वाराणसी इकाई की टीम—निरीक्षक अमित श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव और विनय मौर्य ने पुणे के हिंजवड़ी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया।
फिलहाल, आरोपित को पुणे की स्थानीय अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर लेने की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके बाद उसे वाराणसी लाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

