तंत्र-मंत्र के शक में सफाई कर्मी राजन की हुई हत्या, चार आरोपित गिरफ्तार
— चौक पुलिस ने 24 घंटे में किया हत्याकांड का खुलासा, पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार
वाराणसी, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी चौक थाना क्षेत्र के बेनियाबाग मलिन बस्ती में सफाई कर्मी राजन (60) की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
मंगलवार को चौक थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में एडीसीपी वैभव बांगर और एसीपी दशाश्वमेध ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें में बेनियाबाग निवासी विशाल भारतीय उर्फ जानू, कृष्णा बाल्मीकि, चुरामनपुर (लोहता) निवासी विकास विश्वकर्मा उर्फ सोनू तथा मरेठवा पोखरा (लोहता) निवासी सुजीत बाल्मीकि शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि राजन अपनी दूसरी पत्नी के बेटे की सगाई में शामिल होने बेनियाबाग मलिन बस्ती आया था। इसी दौरान उसके कुछ रिश्तेदारों ने तंत्र-मंत्र से जुड़ी आशंकाओं और आपसी रंजिश के चलते उसकी हत्या की साजिश रची। घटना की जांच के दौरान मृतक के परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ में तंत्र-मंत्र से जुड़ा विवाद सामने आया, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया।
चौक पुलिस ने सर्विलांस सेल और एसओजी की मदद से आरोपिताें की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि घटना के समय विकास मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि पीछे बैठे विशाल ने राजन पर गोली चलाई थी। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार सुजीत और कृष्णा ने वारदात से पहले रेकी की थी।
गौरतलब है कि सोमवार तड़के बेनियाबाग मलिन बस्ती में घर के बाहर सो रहे राजन की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक की पत्नी की तहरीर पर चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर घटना का सफल अनावरण कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई पर डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने चौक पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

