home page

तीन दिन से लापता एमएससी छात्रा का बंद कमरे में मिला शव, हत्या की आशंका

 | 




प्रेमी की तलाश में जुटी पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

वाराणसी, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छांव में गुरुवार को एक बंद मकान के बाथरूम से तीन दिन से लापता 24 वर्षीय एमएससी छात्रा का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस छात्रा के कथित प्रेमी की तलाश में जुटी है।

मृतका की पहचान राजातालाब थाना क्षेत्र के मरुई गांव निवासी श्रेया उपाध्याय पुत्री सुनील उपाध्याय के रूप में हुई है। श्रेया जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी और अपने माता-पिता की इकलौती पुत्री थी।

परिजनों के मुताबिक, श्रेया 18 अगस्त को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने राजातालाब थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया तो उसकी आखिरी लोकेशन बच्छाव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली।

इसी बीच श्रेया की मां उसे तलाशते हुए मिर्जापुर के सीखड़ गांव स्थित अपने दूर के रिश्तेदार के घर पहुंचीं। वहां पूछताछ में पता चला कि रिश्तेदार का भांजा भी घर से गायब है। संदेह होने पर रिश्तेदार और श्रेया की मां ने युवक के बैग की तलाशी ली। बैग से एक कमरे की चाबी मिली। इसके बाद श्रेया की मां बच्छाव पहुंची।

बंद मकान का दरवाजा खोलते ही कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। अंदर बाथरूम में श्रेया का शव पड़ा मिला। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान, एडीसीपी वरुणा लिपि नाग्याच और एसीपी रोहनिया समेत पुलिस अधिकारी पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

—प्रेम संबंध की बात आई सामने

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा होने की बात सामने आई है। चोलापुर थाना क्षेत्र के नियार गांव निवासी विवेक चौबे का ननिहाल जमुनी में है। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई और बाद में उनके बीच प्रेम संबंध हो गए। सूत्रों के अनुसार, विवेक श्रेया से मिलने के लिए बच्छाव में किराये का कमरा लेकर रहता था और श्रेया का वहां आना-जाना था। इसकी जानकारी उसके परिजनों को भी थी। इसके बाद परिजनों ने श्रेया की शादी पड़ोस के गांव में ही तय कर दिया था और शादी नवंबर माह में होने वाली थी। माना जा रहा है कि शादी तय होने से नाराज विवेक ने श्रेया को बच्छाव बुलाया और बाद में धारदार हथियार और ईंट से कूंचकर हत्या कर दी। हत्या के बाद कमरे को बंद कर मामा के घर पहुंचा और वहां से भाग निकला।

फिलहाल, पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। डीसीपी गोमती जोन के अनुसार, छात्रा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज हो गया है। मामले के शीघ्र खुलासे के लिए चार टीमाें का गठन किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी