वाराणसी: दुकान के बाहर सो रहे तीन लोगों पर ईंट-पत्थरों से हमला, एक की मौत
— पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी भी पहुंचे
वाराणसी, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के आदमपुर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के दुकान के बाहर सो रहे तीन लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली और स्थानीय लोगों से बातचीत की।
पुलिस के अनुसार, आदमपुर पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर की दूरी पर नवापुरा में पप्पू विश्वकर्मा (40) साड़ी का पत्ता काटने का काम करता था। उसके बगल में अशोक पासी उर्फ बाबा और गणेशु कनौजिया पान की दुकान चलाते थे। शुक्रवार देर रात करीब दो बजे दुकान बंद करने के बाद तीनों दुकान के बाहर ही सो गए।
शनिवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने तीनों पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमलावरों ने पप्पू विश्वकर्मा के सिर पर पत्थर से कई वार किए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर गाली-गलौज करते हुए वहां से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने पप्पू विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अशोक पासी और गणेशु कनौजिया का उपचार चल रहा है।
मौके पर पहुंचे डीसीपी वैभव बांगर और एसीपी कोतवाली ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। टीम ने मौके से ईंट-पत्थरों समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले मृतक और उसके साथियों का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। पुलिस इस विवाद को भी घटना से जोड़कर जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

