वाराणसी : दोस्तों के साथ रील बनाते समय अवैध पिस्टल से चली गोली, हुआ लहूलुहान
वाराणसी, 5 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिरांव में शनिवार को दोस्तों के साथ अवैध पिस्टल लेकर रील बनाना एक किशोर को भारी पड़ गया। रील बनाने के दौरान पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जो किशोर के गाल को भेदते हुए निकल गई। गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल किशोर को उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिंडरा ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
घायल किशोर की पहचान नितिन चौहान (17) पुत्र प्रहलाद चौहान, निवासी बेहवरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल को कब्जे में ले लिया है। साथ ही रील बनाने में शामिल उसके दो साथियों कृष्णा मिश्रा (16) और शिवम चौहान (16) को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। डीसीपी गोमती जोन कार्यालय के अनुसार, बेहवरिया गांव में दिलीप मिश्रा के मकान पर तीनों किशोर अवैध असलहा लेकर रील बना रहे थे। इसी दौरान पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली नितिन के गाल को भेदते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। सूचना पर एसीपी पिंडरा, फूलपुर थाना प्रभारी और कठिरांव चौकी प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने अवैध पिस्टल को कब्जे में लेकर दोनों नाबालिग साथियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फूलपुर पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

