home page

जौनपुर : ग्राम विकास अधिकारी पर रॉड-लाठी से हमला, सरकारी दस्तावेज और डोंगल छीने

 | 
जौनपुर : ग्राम विकास अधिकारी पर रॉड-लाठी से हमला, सरकारी दस्तावेज और डोंगल छीने


जौनपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के रामपुर खास में सोमवार सुबह ग्राम विकास अधिकारी जयसिंह गुप्ता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से उन पर हमला किया। घटना के दाैरान उनके भाई और भांजे के साथ भी मारपीट की गई।

पीड़ित जयसिंह गुप्ता के मुताबिक, वह सोमवार सुबह पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने असलहा दिखाकर भी धमकाया। मारपीट में उनके सिर और पैरों में चोटें आईं और वह बेहोश हो गए।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनके सरकारी दस्तावेज और डोंगल छीनकर तोड़ दिए, इससे सरकारी कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने विनोद जायसवाल और राज जायसवाल समेत कई नामजद तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्हाेंने कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात कही है।

घटना की जानकारी मिलने पर उनके भाई संतोष गुप्ता और भांजे प्रियांशु गुप्ता मौके पर पहुंचे, जहां उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। पीड़ित ग्राम विकास अधिकारी जयसिंह गुप्ता का कहना है कि उन्हे ग्राम पंचायत हिनौती में आयोजित जन चौपाल में सरकारी कार्य से जाना था, लेकिन घटना के कारण वह वहां नहीं पहुंच सके।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की छानबीन की जा रही है। अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर जानकारी जुटा रही है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव