home page

वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

 | 
वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार


मीरजापुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के शहर कोतवाली, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अन्तरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, 11 इंजन, तीन कटी हुई चेचिस समेत भारी मात्रा में बाइक के पार्ट्स बरामद किए गए।

मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि एक सूचना पर कचहरी तिराहे के पास से पवन कुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक चोरी की बाइक मिली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य अभियुक्तों महेश बिंद, रमेश केशरी और पिंटू बिंद को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी कर नंबर प्लेट हटाकर छिपा देते थे। बाद में वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच देते थे, जिससे पहचान न हो सके। बरामदगी में छह साइलेंसर, चार टंकी, 22 रिंग समेत अन्य पार्ट्स शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा