मीरजापुर में सर्राफा दुकान में चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
मीरजापुर, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में कटरा कोतवाली पुलिस ने सराफा दुकान में हुई चोरी की घटना का बुधवार को खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी के आभूषण, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
थाना प्रभारी नीरज कुमार पाठक के अनुसार 8 जुलाई को राजेंद्र नगर भटवा की पोखरी निवासी आकाश वर्मा ने अपनी गहनों की दुकान में चोरी होने की तहरीर दी थी। इस पर कटरा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में गठित टीम ने घटना के खुलासे के लिए जांच तेज की।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राजकुमार पटेल निवासी पांडेयपुर वाराणसी तथा शिवम मौर्य निवासी दुद्धी जिला सोनभद्र को एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 195 पायल, 238 बिछिया, 37 सफेद धातु की अंगूठियां, 144 पीली धातु की अंगूठियां तथा 10,100 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटना का सफल खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीरज कुमार पाठक, चौकी प्रभारी मंडी समिति उपनिरीक्षक महेंद्र पटेल, चौकी प्रभारी लालडिग्गी उपनिरीक्षक आनंद शंकर तथा कटरा कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

