पिकअप में बांधकर ले जाए जा रहे 4 गाैवंश बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। विंध्याचल पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन में क्रूरता पूर्वक बांधकर वध हेतु ले जाए जा रहे चार गोवंश को बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रितेश सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर गैपुरा चौराहे के पास घेराबंदी कर पिकअप वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में चार गाैवंश अमानवीय तरीके से बंधे मिले।
पुलिस ने मौके से राम बहादुर यादव व आशीष यादव उर्फ बड़कुआ निवासी मेजा, प्रयागराज को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में गाैवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी सीज कर दिया गया है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र द्विवेदी समेत पुलिस टीम शामिल रही।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

