home page

स्मैक व अल्प्राजोलम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
स्मैक व अल्प्राजोलम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


प्रयागराज, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी कोतवाली एवं एसओजी यमुनानगर की संयुक्त पुलिस टीम ने शुक्रवार को ऑपरेशन संजीवनी” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने

नशा तस्करों के कब्जे से स्मैक, अल्प्राजोलम, वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में नैनी कोतवाली क्षेत्र के चकभट्टाई मूल निवासी महुआरी गांव निवासी कमलेश भारतीया उर्फ बड़कू और मूल रूप से कौशाम्बी जिले के गुमुदापुर गांव निवासी अजय केसरवानी उर्फ छंगू है। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने शुक्रवार को फूलमंडी से अरैल की ओर बंधा रोड के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने एक 49.20 ग्राम अवैध स्मैक और 221.73 ग्राम अवैध अल्प्राजोलम बरामद किया है। इसके साथ ही मौके से एक स्कूटी, एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए।

पूछताछ में किया खुलासा

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे स्मैक और अल्प्राजोलम की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर राहगीरों और ग्राहकों को बेचते थे। मोबाइल फोन के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे और इसी से होने वाली कमाई से अपना खर्च चलाते थे। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की लेकिन पकड़ लिए गए।

आपराधिक इतिहास

मुख्य आरोपित कमलेश भारतीया के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, बीएनएस और पॉक्सो एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अजय केसरवानी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज है।

प्रयागराज पुलिस द्वारा ऑपरेशन संजीवनी के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल